
हाथरस 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार (5 जून) को भारत विकास परिषद (वनिता शाखा) की ओर से हाथरस-मेंडू रोड स्थित महादेव बगीची पर एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। शाखा की पदाधिकारियों ने बगीची परिसर में नीम, तुलसी, पीपल, नींबू, अशोक, शीशम और अन्य फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर प्रांतीय पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए हर नागरिक को अपने जीवन में पौधे जरूर लगाने चाहिए और उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। पौधारोपण के इस पुनीत कार्य में परिषद की प्रांतीय सलाहकार एकता अग्रवाल, प्रांतीय सह सचिव दीप्ति वार्ष्णेय, शाखा अध्यक्ष प्रिया मित्तल, सचिव खुशबू गौर और कोषाध्यक्ष रचना अग्रवाल मुख्य रूप से शामिल रहीं। इसके अलावा महिला सहभागिता प्रमुख मधु वार्ष्णेय, सदस्य कोमल मिश्र, खुशबू सिंह और गौरी पचौरी सहित वनिता शाखा की अन्य तमाम महिला सदस्य व पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।


























