
मथुरा 18 अप्रैल । राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी मेधा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित ऑनलाइन एज्यूकेशन प्लेटफॉर्म मावरिक एज्यूकेशन में शानदार प्लेसमेंट हासिल कर संस्थान को गौरवान्वित किया है। मावरिक एज्यूकेशन ने एमबीए तथा बीबीए को दो-दो एवं बीईकॉम पाठ्यक्रम के एक विद्यार्थी को रुपये 6.8 लाख वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति प्रदान की है। संस्थान के हेड कॉरपोरेट रिसोर्स डॉ. विकास जैन ने बताया कि राजीव एकेडमी में लगातार उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप छात्र-छात्राओं को तैयारी कराई जाती है। इतना ही नहीं नियमित ट्रेनिंग, इंडस्ट्री इंटरेक्शन और प्लेसमेंट ड्राइव के मौके उपलब्ध कराकर उनके सपनों को साकार किया जाता है। डॉ. जैन ने बताया कि हाल ही में अग्रणी ऑनलाइन शिक्षा प्लेटफॉर्म मावरिक एज्यूकेशन ने प्लेसमेंट प्रक्रिया के माध्यम से संस्थान के पांच छात्र-छात्राओं को उच्च पैकेज पर सेवा का अवसर प्रदान किया है। चयनित विद्यार्थियों में अमीषा शर्मा एवं कुलदीप डागर (एमबीए), लक्ष्मी शर्मा एवं समीक्षा अग्रवाल (बीबीए) तथा जीवेश शर्मा (बीईकॉम) शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और कौशल के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। डॉ. जैन ने बताया कि मावरिक एज्यूकेशन एक अग्रणी ऑनलाइन शिक्षा प्लेटफॉर्म है, जोकि विद्यार्थियों को आकर्षक एवं प्रभावी लर्निंग वातावरण के माध्यम से उनके प्रोफेशनल स्किल्स को विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। यह संस्था कंटेंट, टेक्नोलॉजी, मार्केटिंग और सर्विसेज के समन्वय से इंडस्ट्री-रेलेवेंट एवं उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा को व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए कार्यरत है।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज अग्रवाल तथा संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने चयनित विद्यार्थियों को शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और संस्थान द्वारा प्रदान किए गए उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी वातावरण में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल और व्यावहारिक समझ भी अत्यंत आवश्यक है। संस्थान विद्यार्थियों को इन सभी पहलुओं में सुदृढ़ करने के निरंतर प्रयास करता है, ताकि वे कॉर्पोरेट जगत की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि राजीव एकेडमी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि राजीव एकेडमी विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए निरंतर नए प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं और प्लेसमेंट गतिविधियां आयोजित करती रहती है। डॉ. सक्सेना ने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी तथा उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए और अधिक मेहनत करने को प्रेरित करेगी।


























