
हाथरस 18 अप्रैल । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सासनी पुलिस ने ग्राम जलालपुर में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। जलालपुर निवासी वादी सुरेश कुमार ने 17 अप्रैल को पुलिस को सूचना दी थी कि 8 मार्च को जब उनका परिवार घर से बाहर था, तब उनके पड़ोसी विकास पुत्र हाकिम सिंह ने घर का ताला तोड़कर अलमारी से चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। इस घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को 16 अप्रैल को हुई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानंद कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सासनी श्रीमती विपिन चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और ग्राउंड इंटेलिजेंस की मदद से आज 18 अप्रैल 2026 को आरोपी विकास को स्पर्श कोल्ड सासनी रोड के पास से गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई 12 जोड़ी पाजेव, 17 जोड़ी बिछुआ और 01 कौंदनी (तगड़ी) बरामद की है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने शौक-मौज पूरे करने के लिए इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।


























