
हाथरस 18 अप्रैल । मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के मार्गदर्शन में जनपद की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से एक विशेष भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत सीडीओ ने समूह की सदस्यों के साथ सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध ‘तोता ब्रांड’ रंग-गुलाल और पूजा सामग्री फैक्ट्री का दौरा किया। इस दौरान फैक्ट्री के मालिक श्री बांके बिहारी अग्रवाल और उनके स्टाफ ने सभी दीदियों का स्वागत किया और उन्हें फैक्ट्री की कार्यप्रणाली से रूबरू कराया। बैठक के दौरान श्री अग्रवाल ने बताया कि फैक्ट्री में रुई की बत्ती, हवन सामग्री, धूपबत्ती, अगरबत्ती, चंदन तिलक और सिंदूर जैसे विभिन्न उत्पाद तैयार किए जाते हैं। उन्होंने महिलाओं को प्रस्ताव दिया कि वे इन उत्पादों को अपने घर, संकुल संघ कार्यालय या फैक्ट्री में आकर मजदूरी पर तैयार कर सकती हैं, जिसके लिए उन्हें फैक्ट्री परिसर या संकुल स्तर पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की दीदियों से व्यक्तिगत रूप से वार्ता की और उनकी आय बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। सीडीओ ने कहा कि अक्सर समूह की महिलाएं उत्पाद तो तैयार कर लेती हैं, लेकिन बेहतर मार्केटिंग लिंक न होने के कारण उनकी बिक्री नहीं हो पाती। इसी समस्या के समाधान के लिए ‘तोता ब्रांड’ के साथ यह समन्वय किया गया है। अब दीदियों को केवल गुणवत्तापूर्ण पूजा सामग्री तैयार करनी होगी, जिसे फैक्ट्री द्वारा सीधे क्रय (खरीद) कर लिया जाएगा। इससे महिलाओं को बाजार की चिंता नहीं रहेगी और उनकी आय में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने इस पहल को ‘लखपति दीदी’ योजना के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि इस कार्य से जुड़कर महिलाएं अपनी वार्षिक आय को एक लाख रुपये तक पहुँचाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगी और आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी। उन्होंने फैक्ट्री मालिक श्री बांके बिहारी अग्रवाल का धन्यवाद व्यक्त किया कि उन्होंने समूह की सदस्यों को बारीकी से जानकारी दी और उन्हें रोजगार का नया अवसर प्रदान किया। फैक्ट्री भ्रमण के दौरान महिलाओं में भारी उत्साह देखने को मिला और सभी सदस्यों ने पूजा सामग्री के उत्पाद बनाने के कार्य में जुड़ने की सहमति जताई। इस पहल से जनपद में महिला सशक्तिकरण और स्थानीय रोजगार को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है।


























