
हाथरस 18 अप्रैल । सासनी ब्लॉक के कन्या इंटर कॉलेज मार्ग स्थित बालाजी गेस्ट हाउस में आज समाजवादी पार्टी का विशाल ‘बूथ लेवल कार्यकर्ता सम्मेलन’ आयोजित किया गया। हाथरस विधानसभा (सुरक्षित-78) के पूर्व एवं भावी प्रत्याशी रामनारायण काके के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में समाजवादियों ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा ने की। सम्मेलन में सासनी ब्लॉक के कार्यकर्ताओं ने रामनारायण काके और मुख्य अतिथियों का 51 किलो की विशाल माला पहनाकर और पगड़ी बांधकर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और अन्य दलों को छोड़कर आए दर्जनों कार्यकर्ताओं ने रामनारायण काके के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सादाबाद के पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए हाथरस विधानसभा से रामनारायण काके को संभावित प्रत्याशी बताया और उन्हें जिताने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का वचन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संकल्प लिया कि वे तीनों विधानसभाओं में एक-दूसरे का सहयोग करें और अपने-अपने बूथ को मजबूत बनाएं। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण करने के लिए कार्यकर्ता सदैव तत्पर रहें। विशिष्ट अतिथि सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे वोटर लिस्ट का बारीकी से अवलोकन करें और कटे हुए वोटों को बढ़वाने का काम करें ताकि भाजपा की किसी भी साजिश को सफल न होने दिया जाए।
पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन और मनोज यादव ने भीषण गर्मी के बावजूद उमड़ी सैकड़ों की भीड़ को सराहा और रामनारायण काके की विजय के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ सपा नेता डॉ. राधेश्याम रजक और पूर्व नगर अध्यक्ष हेमंत गॉड ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सासनी नगर अध्यक्ष अजय कुमार, इकबाल अहमद, सुनील कुमार दिवाकर, कैलाश ठेनुआ, भगत सिंह प्रधान, गोलू सिंह कुशवाहा, राजेश कुमार गुड्डू ठाकुर, शैलेंद्र सिंह टीटू, सुरेश जादौन काला, ममतेश वार्ष्णेय, गौरव पाठक, पवन दिवाकर और राजाराम दिवाकर सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में रामनारायण काके ने सभी आगंतुकों का माला और पटका पहनाकर आभार व्यक्त किया।

























