
हाथरस 03 जुलाई । हाथरस चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन द्वारा सासनी स्थित एक होटल में सीए दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को मनाए जाने वाले सीए दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में शहर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अपने परिवारों सहित शामिल हुए और सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया। एसोसिएशन ने इस वर्ष पूरे जून माह को “सीए माह” के रूप में मनाया, जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को पूल पार्टी, योग अभ्यास एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य सदस्यों को व्यस्त पेशेवर जीवन के तनाव से दूर रखते हुए उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना था। समारोह में कपल गेम्स, बच्चों के लिए विशेष खेल तथा हाउसी का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरुष एकल वर्ग में सीए अमन अग्रवाल विजेता तथा सीए नितिन अग्रवाल उपविजेता रहे, जबकि महिला एकल वर्ग में सीए प्राची अग्रवाल ने प्रथम और शीतल वार्ष्णेय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शीतल वार्ष्णेय, करिश्मा बिंदल एवं पूजा अग्रवाल ने किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए नितिन के. वार्ष्णेय ने अपने संबोधन में बताया कि 1 जुलाई 1949 को संसद द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ था और तभी से यह संस्था देश के आर्थिक विकास एवं वित्तीय पारदर्शिता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सचिव सीए गितांश बिंदल ने सीए माह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं कोषाध्यक्ष सीए प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी ने अपने छह माह के कार्यकाल में गणतंत्र दिवस समारोह, होली मिलन एवं भजन संध्या, एसजीएसटी विभाग के साथ मैत्री क्रिकेट मैच तथा नए आयकर अधिनियम-2025 पर तीन दिवसीय ऑनलाइन सेमिनार सहित कई सफल कार्यक्रम आयोजित किए हैं। कार्यक्रम के अंत में सीए माह के सभी आयोजनों को सफल बनाने में विशेष सहयोग के लिए सीए प्रवीण जैन को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरा आयोजन उत्साह, मनोरंजन और पारिवारिक सौहार्द से सराबोर रहा, जहां चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने बैलेंस शीट, जीएसटी और आयकर रिटर्न की व्यस्तताओं से कुछ समय निकालकर अपने परिवारों के साथ यादगार पल बिताए। कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ एवं युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101












