
हाथरस 31 जुलाई। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने पूर्व आईपीएस अधिकारी आदित्य वर्मा को हाथरस (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर प्रदेश कमेटी की संस्तुति के बाद की गई है। आदित्य वर्मा ने लगभग दो माह पूर्व ही आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्हें स्वयं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। इसके बाद से ही उनके हाथरस की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। उत्तर प्रदेश कैडर के वर्ष 2013 बैच के पूर्व आईपीएस अधिकारी आदित्य वर्मा पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति के बाद हाथरस में रहकर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्होंने लंबे समय से जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाई है। उनकी प्रशासनिक कार्यशैली और स्थानीय स्तर पर सक्रियता को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी द्वारा हाथरस (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने के बाद आदित्य वर्मा पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी होगी। राजनीतिक जानकार इस नियुक्ति को आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा मान रहे हैं। गौरतलब है कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) प्रदेशभर में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति कर संगठन को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में हाथरस (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी आदित्य वर्मा को सौंपी गई है।





