सिकन्दराराऊ 29 अगस्त । रक्षाबंधन के पर्व को सकुशल संपन्न कराने और कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग की ओर से भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान कस्बे के अति व्यस्त तिराहा बाजार में ड्यूटी पर तैनात एक सब इंस्पेक्टर के ड्यूटी के दौरान सोने का मामला सामने आया है। दरोगा के दुकान पर रखी कुर्सी पर सोते हुए का वीडियो कैमरे में कैद हो गया, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया गया कि शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व होने के चलते बाजारों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही थी। नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगाई गई थी। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे तिराहा बाजार में ड्यूटी पर तैनात एक सब इंस्पेक्टर पास की बारबर की दुकान पर रखी कुर्सी पर सोते हुए नजर आए। इस दौरान किसी ने उनकी तस्वीर या वीडियो कैमरे में कैद कर लिया। ड्यूटी के दौरान सुबह के समय सब इंस्पेक्टर के सोने का मामला सामने आने के बाद पूरे दिन बाजार में इसकी चर्चा होती रही। रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पुलिसकर्मी के इस तरह ड्यूटी के दौरान सोने को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।












