सिकन्दराराऊ 28 अगस्त । रक्षाबंधन के पर्व पर राखी बंधवाने जा रहे बाइक सवार तीन लोगों को शुक्रवार को नेशनल हाईवे-34 पर गांव बिलार के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं समेत बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब 10 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
जानकारी के अनुसार, अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव दीपपुर निवासी सुखबीर (50) अपनी पत्नी शारदा (45) और सुनीता पत्नी राकेश (40) के साथ बाइक से सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव लश्करगंज जा रहे थे। तीनों रक्षाबंधन के अवसर पर राखी बंधवाने के लिए घर से निकले थे। बताया गया कि जैसे ही वे अलीगढ़ रोड पर गांव बिलार के पास नेशनल हाईवे-34 पर पहुंचे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घायलों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोग उनकी मदद करने के बजाय मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में जुटे रहे। घायलों का कहना था कि यदि समय पर मदद मिल जाती तो उन्हें तत्काल उपचार मिल सकता था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए शारदा और उनके पति सुखबीर को हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि सुनीता का उपचार सीएचसी में जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है और दो घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर भेजा गया है। पुलिस की मौजूदगी में मौके की स्थिति सामान्य कराते हुए हाईवे पर यातायात भी सुचारू करा दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और हादसे की जांच की जा रही है।













