सिकन्दराराऊ 28 अगस्त । कासगंज रोड स्थित गांव नगला जलाल से श्रवण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में 54वीं भव्य गंगा स्नान यात्रा एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण मां गंगा के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। गंगा स्नान यात्रा के रवाना होने से पूर्व कार्यक्रम के आयोजक सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ ने मां गंगा धाम जाने वाली बसों का विधि-विधान से पूजन किया और हरी झंडी दिखाकर बसों को गंगा जी के लिए रवाना किया। इसके बाद 80 से अधिक बसों में सवार होकर हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए रवाना हुए।
निःशुल्क सेवा भाव से कर रहे गंगा स्नान यात्रा का आयोजन
कार्यक्रम आयोजक सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से निरंतर गंगा सेवा एवं गंगा स्नान यात्राओं का आयोजन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ और मां गंगा की असीम कृपा से उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि वह श्रद्धालुओं को निःस्वार्थ भाव से गंगा स्नान के लिए ले जाने की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों को बिना किसी भेदभाव के मां गंगा के दर्शन एवं पवित्र गंगा में स्नान का अवसर उपलब्ध कराना है। यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की रसीद, पर्ची अथवा शुल्क नहीं लिया जाता, बल्कि सेवा और श्रद्धा की भावना से श्रद्धालुओं को गंगा धाम तक पहुंचाया जाता है।
4.25 लाख श्रद्धालुओं को करा चुके हैं गंगा स्नान
सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ ने बताया कि अब तक उनकी ओर से आयोजित यात्राओं के माध्यम से लगभग 4.25 लाख श्रद्धालुओं को गंगा स्नान कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इनमें करीब 400 मुस्लिम समाज के लोग भी शामिल रहे हैं, जो इस सेवा के सर्वसमावेशी स्वरूप को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मां गंगा का आशीर्वाद और श्रद्धालुओं का स्नेह इसी तरह मिलता रहा तो यह सेवा भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
राखी कार्यक्रम में बहनों ने बांधी हजारों राखियां
आयोजन के दौरान विशेष रूप से राखी कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बहनों ने सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ को अपना भाई मानते हुए उनके हाथ में हजारों राखियां बांधीं। इस दौरान भाई-बहन के प्रेम और सामाजिक सौहार्द की भावना देखने को मिली। आयोजकों की ओर से यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे गंगा स्नान यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी। इस अवसर पर मनु ठाकुर, अंकुर सिसोदिया, निखिल ठाकुर, विपिन यादव, विनोद यादव, अनुज पंडित, युवेंद्र, विनय एवं सत्यकांत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।













