Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 27 अगस्त। कस्बा स्थित ओएमबी इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 3 से 8 तक की छात्राओं ने सामाजिक समरसता और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए हसायन कोतवाली परिसर में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। विद्यालय परिवार की इस पहल के तहत छात्राओं ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को रक्षासूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। जनता की सुरक्षा के लिए दिन-रात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी छात्राओं के इस स्नेह से भावुक नजर आए। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें आशीर्वाद स्वरूप उपहार भेंट किए।

इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी मनीष चिकारा ने छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ड्यूटी के कारण पुलिसकर्मी अक्सर त्योहारों पर अपने घर-परिवार से दूर रहते हैं। ऐसे में बच्चों द्वारा किया गया यह प्रयास कोतवाली परिसर में पारिवारिक माहौल का अहसास कराता है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में राष्ट्र सेवा और सुरक्षाकर्मियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सुभाष यादव ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता और समाज के रक्षकों के प्रति कृतज्ञता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि राखी का धागा केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं, बल्कि विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के अटूट बंधन का संदेश भी देता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक सेंगर, परीक्षा प्रमुख आलोक यादव, एकेडमिक हेड हिमांशु सारस्वत, कोऑर्डिनेटर रेनू पचौरी, सुषमा कुशवाहा, पंकज कुशवाहा, मुनेश कुमार एवं मोहम्मद हसीन का विशेष मार्गदर्शन एवं योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने हसायन कोतवाली के समस्त पुलिसकर्मियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page