
सिकन्दराराऊ 25 अगस्त। थाना सिकंदराराव क्षेत्र में एक युवती को युवक द्वारा घर से भगा ले जाने की सूचना के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में थाना सिकंदराराव पर मुकदमा अपराध संख्या 605/2026, धारा 87 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को परिजनों ने युवती के एक युवक के साथ घर से चले जाने की सूचना दी थी। मामले की विवेचना के दौरान नामजद अभियुक्त शहजान पुत्र जान, निवासी ग्राम मोर्चा नहर, थाना अलीगंज, जनपद एटा, उम्र करीब 21 वर्ष, को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि आरोपी वर्तमान में गाजियाबाद के लाल कुआं क्षेत्र स्थित एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता है। पुलिस की जांच और पूछताछ के दौरान युवती आरोपी के पास से बरामद नहीं हुई। आरोपी ने पूछताछ में युवती के उसके पास नहीं आने की बात बताई है। ऐसे में पुलिस अब युवती की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि युवती इससे पहले भी 26 जून 2026 को बिना बताए घर से चली गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे 28 जून 2026 को सोनीपत से बरामद किया था, जिसके बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। वर्तमान मामले में युवती की तलाश के लिए SOG, सर्विलांस और थाना सिकंदराराव पुलिस की संयुक्त टीमें सक्रिय हैं। पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर तलाश के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना निष्पक्ष एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जा रही है। युवती की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।












