सिकन्दराराऊ 22 अगस्त। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के खिजरपुर गांव में घर के बाहर खड़े युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है। खिजरपुर गांव निवासी सूरजमुखी पत्नी शेर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 19 अगस्त की रात उनका बेटा धर्मवीर घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव के ही बनी, जय सिंह, सागर और रितू वहां पहुंच गए और धर्मवीर के साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि धर्मवीर ने जब गाली-गलौज का विरोध किया तो चारों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।














