
हाथरस 17 अक्टूबर । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव गढ़ी तमन्ना में खेत की तारबाड़ में करंट लगने से सात बंदरों और एक कुत्ते की मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है। वन विभाग की तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उप क्षेत्रीय वनाधिकारी हाथरस रेंज अखिलेश कुमार के अनुसार, 16 अक्टूबर की शाम गांव गढ़ी तमन्ना में करंट लगने से बंदरों की मौत होने की सूचना मिली थी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वहां सात बंदर मृत मिले। इसी दौरान पुलिस की मौजूदगी में करंट लगने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई। जांच के दौरान सामने आया कि हरिकिशन, चरित और विक्की ने अपने खेत की तारबाड़ में करंट लगा रखा था, जिसकी चपेट में आने से जानवरों की मौत हुई। वन विभाग ने इसे पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 का उल्लंघन बताते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










