
सादाबाद 22 अगस्त। रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शिव शक्ति भवन की ओर से तहसील परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने तहसील और पुलिस विभाग के अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधा और शुभकामनाएं दीं। ब्रह्माकुमारी बहनों ने उपजिलाधिकारी रितु सिरोही, तहसीलदार सोनू बघेल, नायब तहसीलदार अवनी शर्मा, क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना और कोतवाली प्रभारी विजय कुमार सिंह के कार्यालयों में पहुंचकर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा। इस अवसर पर अधिकारियों को पर्व के आध्यात्मिक महत्व से भी अवगत कराया गया। बीके सीमा दीदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्मिक सुरक्षा और जीवन में सकारात्मक बदलाव का संदेश भी देता है। उन्होंने पर्व को बुराइयों, नकारात्मक विचारों और व्यसनों से दूर रहने का संकल्प लेने की प्रेरणा बताया। बीके सीमा दीदी ने जोर दिया कि जब व्यक्ति अपने विचारों और कर्मों को सकारात्मक बनाता है, तो उसका प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। ब्रह्माकुमारी बहनों ने अधिकारियों को ईश्वरीय स्मृति और राजयोग का संदेश देते हुए समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण बनाने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।अधिकारियों ने ब्रह्माकुमारी संस्था के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से तनाव और नकारात्मकता से दूर रहकर शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण जीवन जीने का आह्वान किया। इस मौके पर बीके बबीता बहन, बीके सुमित भाई, मोहन भाई सहित ब्रह्माकुमारी संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन आध्यात्मिक संदेश और समाज में सकारात्मकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।













