Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 22 अगस्त। गौतमबुद्धनगर और सोनभद्र जिले के किसानों ने अपनी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को किसान यूनियन ने पत्र भेजा है। पत्र उपजिलाधिकारी सादाबाद के माध्यम से भेजा गया है, जिसमें यमुना एक्सप्रेस-वे से प्रभावित किसानों की मांगों और चकबंदी में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे लंबे धरनों का जिक्र है। गौतमबुद्धनगर के ग्राम रौनीजा में यमुना एक्सप्रेस-वे से प्रभावित किसान पिछले करीब 15 माह से शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं। उनकी मुख्य मांगें शर्तों के अनुसार आवासीय प्लॉट, अतिरिक्त मुआवजा और अन्य लंबित लाभ दिलाना है। वहीं, सोनभद्र जिले के ग्राम भैसावर में चकबंदी में हुई कथित गंभीर अनियमितताओं की जांच और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लगभग 18 माह से धरना चल रहा है। किसानों ने अपने पत्र में बताया कि इन दोनों मामलों को लेकर पहले भी शासन स्तर पर शिकायतें की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री आवास पर ओएसडी नरेंद्र कुमार चौहान से तीन बार मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया गया था और लिखित शिकायतें भी दी गई थीं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। किसानों का कहना है कि लंबे समय से धरना देने के बावजूद सुनवाई न होने से उनमें निराशा बढ़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोनों प्रकरणों का संज्ञान लेने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। विशेष रूप से, रौनीजा के किसानों को नियमानुसार आवासीय प्लॉट, अतिरिक्त मुआवजा और अन्य लाभ दिलाने तथा भैसावर में चकबंदी की अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के जिला उपाध्यक्ष दीपक चौधरी, विशम्बर दयाल सारस्वत, लोकेश त्यागी, भूपेंद्र चौधरी और मानसिंह सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page