
सादाबाद 22 अगस्त। कस्बे के महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में विशाल वैश्य समाज सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में वैश्य समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने सम्मेलन में पहुंचे लोगों का लाल गमछा पहनाकर स्वागत किया। वहीं, वैश्य समाज के सदस्यों ने पूर्व विधायक का चांदी का मुकुट पहनाकर और साइकिल की प्रतिकृति भेंट कर उनका अभिनंदन किया। पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में वैश्य समाज के लोगों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह पूर्व में वैश्य समाज के लोगों ने अपनी दुकानों पर बैठकर विधानसभा क्षेत्र की जनता से उनके पक्ष में मतदान की अपील की थी, उसी तरह आगामी चुनाव में भी समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर चुनाव की तैयारी में जुटना होगा। अग्रवाल ने अपने कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वैश्य समाज के लोगों के आशीर्वाद से विधायक बनने के बाद क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए। इनमें राजकीय डिग्री कॉलेज कुरसंडा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसावर, आईटीआई कॉलेज तथा न्यायालय परिसर में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय की स्थापना और तैनाती प्रमुख हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसके अलावा भी क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए गए। पूर्व विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास की गाथा को आगे बढ़ाने के लिए समाज के लोगों को एकजुट होकर अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि समाज के लोगों की दुकानें केवल व्यापार का केंद्र न रहकर संवाद और संपर्क का माध्यम बनें, जहाँ क्षेत्र से आने वाले लोगों को पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी जा सके।













