Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 22 अगस्त। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के खिजरपुर गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक युवक के साथ दो बार मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना सिकंदराराऊ में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दूसरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है, जिसमें एक आरोपी युवक को थप्पड़ मारता हुआ दिखाई दे रहा है। खिजरपुर निवासी रेशम पाल पुत्र रामस्वरूप उर्फ जीतू मिस्त्री ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 21 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी दुकान की ओर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के बादल ने उसे रास्ते में रोक लिया। जमीन संबंधी विवाद को लेकर दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, वह किसी तरह वहां से निकलकर अपनी दुकान पर पहुंच गया।

रेशम पाल का आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपियों में से एक युवक उसकी दुकान पर दोबारा पहुंच गया। उस समय वह दुकान के काउंटर पर बैठा हुआ था। आरोप है कि युवक ने अचानक उसके चेहरे पर जोरदार थप्पड़ मार दिया, जिससे उसका चेहरा झटके से घूम गया। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने दुकान में पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और उसे दुकान से बाहर ले गए। रेशम पाल का कहना है कि उसके पास घटना की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जिसे वह पुलिस को उपलब्ध करा सकता है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page