हाथरस 15 अगस्त। दून पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व प्रधानाचार्य एवं सीबीएसई के डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर जेके अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे विद्यालय परिसर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की हेड गर्ल आस्था पाठक एवं हेड बॉय अमन पौनिया के कुशल संचालन से हुआ। इसके पश्चात प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल एवं कॉर्डिनेटर नम्रता अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। विद्यालय समन्वयकों रीटा शर्मा, शुभम गर्ग, अमित चौहान, शिवानी कुशवाह, मोहम्मद समीर, मेदिनी कौशिक एवं नैतिक राठौर ने माल्यार्पण कर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।समारोह में कक्षा 9 की छात्रा आस्था उपाध्याय एवं अवनी सिंह की टीम ने कॉयर ग्रुप सॉन्ग की शानदार प्रस्तुति दी। छात्र अनुराग ने मधुर बांसुरी वादन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं विद्यालय के हेड बॉय अमन पौनिया ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत करते हुए लोकतंत्र के महत्व पर प्रकाश डाला। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से भर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान, स्वतंत्रता के महत्व तथा लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदार, जागरूक एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय को हाल ही में प्राप्त ब्रिटिश काउंसिल के इंटरनेशनल स्कूल अवार्ड (रीड्स 2026-29) से संबंधित प्रशंसा प्रमाण-पत्रों के माध्यम से शिक्षकों एवं टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया। रीड्स कोऑर्डिनेटर्स नम्रता अग्रवाल एवं रीटा शर्मा के साथ नीलम रावत, मोनिका, हर्षवर्धन, मेदिनी कौशिक, शिवानी कुशवाहा, सागर जोशी, हर्षिता रावत, नैतिक राठौर, शोभना शर्मा, तन्नु अग्निहोत्री, नेहा जायसवाल, कपिल कुमार, गरिमा राठी, कपिल चंदेल, भावना शर्मा, रितिक अग्रवाल एवं भावना नरूला को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद सेकेंडरी विंग के छात्र माधव शर्मा को एनसीसी में शानदार प्रस्तुति के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार ने उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के अंत में वंदे मातरम् के साथ भारत माता की जय के नारों से विद्यालय परिसर गुंजायमान हो उठा। विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को मिष्ठान वितरित किया गया। राष्ट्रप्रेम, उत्साह और उल्लास से परिपूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।












