Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 05 अक्टूबर। अभी-अभी सोमवार रात करीब 9 बजे कासगंज रोड पर ग्राम अगसौली के पास रोडवेज बस और ई-टेंपो की भिड़ंत हो गई। हादसे में ई-टेंपो में सवार करीब एक दर्जन लोगों में चालक समेत 3 से 4 लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। टेंपो चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया गया कि ई-टेंपो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे। वे पोरा क्षेत्र के पास स्थित एक गांव में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कासगंज की ओर लौट रहे थे। जैसे ही टेंपो ग्राम अगसौली के पास पहुंचा, तभी आगे चल रही रोडवेज बस ने सवारियों को उतारने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रहा ई-टेंपो चालक अपना नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो बस के पीछे जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की जानकारी होने के बाद रोडवेज बस का चालक और परिचालक मौके से चले गए। सूचना मिलते ही अगसौली चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र निरंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सिकंदराराऊ भेजा। हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। चौकी इंचार्ज ने क्षतिग्रस्त रोडवेज बस को स्वयं चलाकर अगसौली चौकी पर खड़ा कराया, जबकि ई-टेंपो को भी सड़क से हटवाकर चौकी भिजवाया गया। बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page