Hamara Hathras

Latest News

सासनी 05 अक्टूबर। आज की राजनीति में जहां नेताओं के साथ चलने वाला सुरक्षा घेरा कई बार उनके रुतबे की पहचान बन जाता है, वहीं भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा ने इससे बिल्कुल अलग तस्वीर पेश की। सासनी के केएल जेन इंटर कॉलेज में स्वच्छता अभियान के दौरान उनके लिए भेजे गए दो प्राइवेट गनरों को उन्होंने वापस लौटा दिया।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने सुरक्षा की दृष्टि से यतेंद्र शर्मा के साथ दो प्राइवेट गनर भेजे थे। लेकिन यतेंद्र शर्मा ने सुरक्षा के इस अतिरिक्त इंतजाम को अपने साथ रखने के बजाय गनरों को वापस भेज दिया। कार्यक्रम के दौरान वह बिना किसी सुरक्षा तामझाम के कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच सहजता से नजर आए।

सरकारी गनर भी ठुकराने की चर्चा

बताया जा रहा है कि इससे पहले प्रशासन की ओर से भी यतेंद्र शर्मा को 2 सरकारी गनर उपलब्ध कराने की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को भी स्वीकार नहीं किया। राजनीतिक गलियारों में यह बात इसलिए चर्चा का विषय बन रही है, क्योंकि आमतौर पर नेता अपनी सुरक्षा और काफिले को लेकर काफी सजग दिखाई देते हैं। कई बार सुरक्षा व्यवस्था को प्रतिष्ठा और प्रभाव का प्रतीक भी माना जाता है। ऐसे माहौल में यतेंद्र शर्मा का सुरक्षा लेने से इनकार करना उनके सादगी भरे और सहज व्यक्तित्व को अलग पहचान देता है।

रुतबा दिखाने के बजाय जनता के बीच रहना पसंद

यतेंद्र शर्मा का यह अंदाज बताता है कि उनके लिए राजनीति में सबसे बड़ा सुरक्षा घेरा शायद जनता का भरोसा है। न कोई लंबा सुरक्षा काफिला, न आगे-पीछे गनरों की भीड़ और न ही अपने आसपास अनावश्यक तामझाम। स्वच्छता अभियान के दौरान उनका सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। आज जब छोटा-बड़ा हर नेता अपने प्रभाव और रुतबे को दिखाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की कोशिश करता नजर आता है, वहीं यतेंद्र शर्मा का गनर लौटाना एक अलग संदेश देता है। सियासत में रुतबा सुरक्षा के घेरे से नहीं, बल्कि जनता के बीच खड़े होने से बनता है और यतेंद्र शर्मा ने गनर लौटाकर शायद यही संदेश देने की कोशिश की है। यही सादगी उन्हें भीड़ से अलग करती है और आम आदमी के बीच एक सहज नेता की तस्वीर पेश करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page