
हाथरस 05 अक्टूबर। सलेमपुर स्थित अल्फा मिल्क फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर इकबाल खान ने दुबई की फूड कंपनी एफएसएल ट्रेडिंग लिमिटेड और उसके डायरेक्टरों के खिलाफ करीब 13 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी हाथरस को दी गई तहरीर में इकबाल खान ने बताया कि फरवरी 2023 में दुबई में आयोजित वर्ल्ड फूड एक्सपो के दौरान उनकी मुलाकात एफएसएल ट्रेडिंग लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर दीपक धवन, उनकी पत्नी मंजुला धवन और बेटे दशरथ धवन से हुई थी। इसके बाद दोनों कंपनियों के बीच व्यापारिक संबंध शुरू हुए। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 में छह टन और वर्ष 2024 में 150 टन स्वीट क्रीमी बटर का कारोबार हुआ। दोनों ही मामलों में भुगतान समय से किया गया। आरोप है कि वर्ष 2025 में एफएसएल कंपनी ने कुल 1899 टन बटर के अलग-अलग परचेज ऑर्डर दिए। अल्फा मिल्क फूड्स का आरोप है कि चार अप्रैल से 25 जुलाई 2025 के बीच पांच परचेज ऑर्डर के तहत 28 कंटेनरों में 672 मीट्रिक टन बटर सऊदी अरब की अलमराई कंपनी को भेजा गया। इस माल की कुल कीमत करीब 37.56 लाख अमेरिकी डॉलर थी। इसमें से कंपनी को 15.19 लाख डॉलर एडवांस के रूप में मिले, जबकि करीब 22.37 लाख डॉलर का भुगतान बकाया रह गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि माल सऊदी अरब पहुंचने के बाद एफएसएल ट्रेडिंग लिमिटेड ने यूरोफिन लैब की कथित फर्जी रिपोर्ट दिखाकर बटर को डिफेक्टिव बताते हुए भुगतान रोक दिया। जबकि अल्फा मिल्क के हाथरस स्थित प्लांट में इंटरटेक लैब से कराए गए परीक्षणों में बटर के सभी टेस्ट पास होने का दावा किया गया है। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि भुगतान रोकने के बाद उक्त बटर को सऊदी अरब से दुबई ट्रांसफर कर दिया गया और वहां बेच दिया गया। इसके बाद कंपनी के डायरेक्टरों द्वारा 31 जनवरी 2026 को दुबई जाने पर उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि जून 2026 में दबाव बनाकर एक सेटलमेंट एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर कराए गए और करीब 13.02 लाख अमेरिकी डॉलर हड़प लिए गए। अल्फा मिल्क फूड्स ने पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और बकाया धनराशि की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







