Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 अक्टूबर। सासनी क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने महिला थाने में तहरीर देकर पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर दहेज उत्पीड़न, जबरन गर्भपात और दुष्कर्म के प्रयास समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 23 नवंबर 2023 को गाजियाबाद के बंथला रोड चिड़ौली निवासी युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी में उसके पिता ने करीब 12 लाख रुपये खर्च किए और पांच लाख रुपये नकद, बाइक, डबल बेड, फ्रिज, सोने की अंगूठी और चेन समेत अन्य सामान दहेज में दिया था। पीड़िता का आरोप है कि पति, ससुर, सास, जेठ और ननद दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और शादी के बाद से ही कार या पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।

तहरीर में विवाहिता ने आरोप लगाया कि जब वह तीन माह की गर्भवती हुई तो ससुराल वाले चेकअप कराने के बहाने उसे अस्पताल ले गए और उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर उसके मायके से आए परिजनों के साथ भी कथित तौर पर अभद्रता की गई और उन्हें घर से धक्का देकर निकाल दिया गया। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि एक दिन नहाकर कमरे में जाने के दौरान उसके जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के मुताबिक, उसने घटना का विरोध किया और इसकी जानकारी परिवार के लोगों को दी। आरोप है कि 16 जून 2026 को उसके मायके वाले उसे लेने ससुराल पहुंचे। इस दौरान ससुरालियों ने कथित रूप से मारपीट की और दबाव बनाकर उससे एक शपथपत्र पर हस्ताक्षर कराए, जिसके बाद उसे मायके भेज दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page