
सिकन्दराराऊ 14 अगस्त। सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव मऊचिरायल निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने, मारपीट और ससुर द्वारा अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। पीड़िता तन्नू पत्नी सचिन पुत्री विनोद पुंढीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 22 जून 2023 को सचिन राघव निवासी बड़ा गांव, खुर्जा, बुलंदशहर के साथ आठ लाख रुपये में हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद तक ससुराल वालों का व्यवहार ठीक रहा, लेकिन बाद में पति और अन्य ससुरालीजन पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज में लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे घर से निकालने की धमकी दी गई। पीड़िता के अनुसार, उसके पिता ने एक बार ससुर गजेंद्र सिंह को एक लाख रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न जारी रहा। आरोप है कि कुछ समय बाद ससुर ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। विरोध करने और पति से शिकायत करने पर पति ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि छह अप्रैल 2026 की रात पति सचिन, ससुर गजेंद्र सिंह, ससुर के बड़े भाई निरंजन सिंह और उसकी पत्नी बेबी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पीड़िता ने बताया कि उसने 19 मार्च 2026 को बच्चे को जन्म दिया है और प्रसव के बाद अभी कमजोर है। घटना के बाद वह मायके आ गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






