
नई दिल्ली 17 जुलाई। भारत ने रेल परिवहन के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन देश को समर्पित कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर्यावरण अनुकूल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन हरियाणा के जींद-सोनीपत रेलखंड पर प्रतिदिन संचालित होगी। लगभग 89 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन करीब 2 घंटे में सफर पूरा करेगी और मार्ग में जींद सिटी, पांडू पिंडारा, ललित खेड़ा, भांबेवा, इशापुर खेड़ी, बुटाना, खंडराई, गोहाना, रबड़ा, लाठ, मोहन हरियाणा और बरवासनी सहित कुल 12 स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी, जबकि वापसी में 10:30 बजे सोनीपत से चलकर दोपहर 1:00 बजे जींद पहुंचेगी। हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली यह ट्रेन प्रदूषण मुक्त परिवहन की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। ट्रेन में 682 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है, जबकि खड़े यात्रियों सहित लगभग 2,600 यात्री एक साथ सफर कर सकते हैं। खास बात यह है कि यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े, इसलिए इसका किराया सामान्य ट्रेनों के बराबर ही रखा गया है। जींद से सोनीपत के बीच यात्रा के लिए किराया 5 रुपये से 25 रुपये तक निर्धारित किया गया है। यह ट्रेन भारतीय रेलवे की हरित एवं स्वच्छ परिवहन नीति को नई दिशा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।











