
हाथरस 17 जुलाई। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो साइबर ठगी के पीड़ितों को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में थाना चंदपा साइबर क्राइम पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार हुए दो व्यक्तियों के कुल 1,09,829 रुपये उनके बैंक खातों में शत-प्रतिशत वापस करा दिए। पुलिस के अनुसार, ग्राम चंदपा निवासी दीपक भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से 70,786 रुपये निकाल लिए थे। वहीं, शेर सिंह ने बताया कि एक अज्ञात लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके खाते से 39,043 रुपये कट गए। दोनों मामलों में पुलिस ने तत्काल शिकायतें राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराते हुए संबंधित बैंक खातों को डेबिट फ्रीज कराया, जिससे धनराशि सुरक्षित रखी जा सकी। थाना चंदपा साइबर क्राइम पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 17 जुलाई 2026 को दोनों पीड़ितों की पूरी 1,09,829 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में वापस करा दी गई। रुपये वापस मिलने पर दीपक भारद्वाज और शेर सिंह ने थाना चंदपा पहुंचकर हाथरस पुलिस का आभार व्यक्त किया और साइबर क्राइम टीम की सराहना की। हाथरस पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना बैंक खाता नंबर, ओटीपी, पिन, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सूचना दें।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













