
हाथरस, 17 जुलाई। चक्की बाजार क्षेत्र में एक महिला को सम्मोहित कर करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ठगने वाले शातिर बदमाशों की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अब हाईटेक तकनीक का सहारा ले रही है। संदिग्ध बदमाशों के फोटो यक्ष एप पर अपलोड कर दिए गए हैं, जहां चेहरा मिलान (फेस रिकग्निशन) तकनीक के माध्यम से उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि 13 जुलाई को चक्की बाजार निवासी रीना जैन से दो शातिर बदमाशों ने शनि की दशा दूर करने के नाम पर पूजा कराने का झांसा देकर करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए थे। घटना के बाद उनके पति संजय जैन की तहरीर पर कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। पुलिस पारंपरिक जांच के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी कार्रवाई कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य स्रोतों से प्राप्त संदिग्धों के धुंधले एवं स्पष्ट चेहरों को यक्ष एप पर अपलोड किया गया है। इस एप के माध्यम से पुलिस डेटाबेस में दर्ज पुराने अपराधियों तथा अंतरराज्यीय गिरोहों के सदस्यों के चेहरों से मिलान किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूर्व में भी इस तकनीक की मदद से कई शातिर अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का मानना है कि इस प्रकार के टप्पेबाज एवं सम्मोहन कर ठगी करने वाले गिरोह लगातार एक जिले से दूसरे जिले में अपने ठिकाने बदलते रहते हैं। इसी को देखते हुए संदिग्धों की तस्वीरें प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस एवं स्पेशल सेल को भेज दी गई हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और सराफा बाजारों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि तकनीकी और पारंपरिक जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











