सिकन्दराराऊ 15 जुलाई। गांव अरनोट के निकट आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही कौशांबी डिपो की उत्तर प्रदेश रोडवेज बस लोहे से भरे ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कौशांबी डिपो की रोडवेज बस फर्रुखाबाद से यात्रियों को लेकर दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव अरनोट के पास पहुंची, वह आगे चल रहे लोहे से लदे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग तेज धमाके की आवाज सुनकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ अमित पाठक, थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा तथा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद और एंबुलेंस के माध्यम से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला तथा सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहीं, जो यात्री सुरक्षित थे, उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के बाद मीडिया से बातचीत में कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक ने अलीगंज स्थित एक होटल पर भोजन करने के दौरान शराब का सेवन किया था। यात्रियों का यह भी कहना है कि उन्होंने चालक को सावधानी से वाहन चलाने के लिए कई बार टोका, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। हालांकि, बस चालक के शराब के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










