
हाथरस 29 अगस्त । शहर के प्रमुख तालाब चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक से एक बुजुर्ग को टक्कर लगने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार दो युवकों को पकड़ लिया। आरोप है कि हिरासत में लिए जाने के दौरान एक युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी और जमकर हंगामा किया। बताया गया कि बाइक सवार युवकों की टक्कर से बुजुर्ग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसी दौरान एक युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गया और अभद्रता करने लगा। आरोप है कि युवक ने पुलिस की मौजूदगी में ही अपना सिर दीवार में मारना शुरू कर दिया। युवक की इस हरकत से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते तालाब चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। तालाब चौराहे पर बुजुर्ग को बाइक से मारी टक्कर, पुलिस ने पकड़ा तो युवक ने किया हाईवोल्टेज हंगामा












