Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 जून । कोतवाली क्षेत्र में हाथरस रोड स्थित बढ़ार चौराहे के निकट हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदपा थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर जटान निवासी अतुल कुमार विगत शनिवार शाम करीब 7:45 बजे बढ़ार चौराहे के पास सड़क पार कर अपने घर जाने के लिए खड़े थे। इसी दौरान सादाबाद की ओर से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों के अनुसार टक्कर लगने के बाद भी ट्रक चालक वाहन नहीं रोक सका और अतुल कुमार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गए, जिससे वह कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई वीरेन्द्र सिंह पुत्र रामवीर सिंह निवासी महमूदपुर जटान ने कोतवाली सादाबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चालक की तेज रफ्तार एवं लापरवाही के कारण उनके भाई की जान गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराध निरीक्षक जे.पी. सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक की पहचान होते ही उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है और परिजनों ने आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page