सादाबाद 24 मई । जिले के आलू किसानों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश सरकार की योजना के तहत अब हाथरस में आलू चिप्स यूनिट स्थापित की जाएगी। प्रदेश के मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली स्टेट लेवल एंपावर्ड कमेटी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसे अप्रेजल कमेटी ने संतुष्ट किया था। यह निर्णय सादाबाद और खंदौली क्षेत्र के आलू उत्पादक किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। लंबे समय से आलू की गिरती कीमतों और उचित बाजार की कमी के कारण किसान परेशान थे। उन्हें अक्सर अपनी उपज लागत से भी कम दाम पर बेचनी पड़ती थी। अब इस आलू आधारित उद्योग की स्थापना से किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश के 16 जिलों में आलू आधारित उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। इन उद्योगों में पोटैटो पाउडर, स्टार्च, वोदका, चिप्स, भुजिया, चिल्ली और वेजिटेबल सॉस जैसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे। हाथरस जनपद में विशेष रूप से आलू चिप्स उद्योग स्थापित होगा। इससे स्थानीय स्तर पर आलू की खपत बढ़ेगी और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अन्य जिलों की मंडियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जनवरी में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्रीय विधायक प्रदीप चौधरी ने आलू किसानों की समस्याओं को सदन में उठाया था। उन्होंने सरकार को बताया था कि क्षेत्र के किसानों को आलू का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इसके बाद सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया और हाथरस में आलू चिप्स यूनिट को स्वीकृति प्रदान की। इस घोषणा के बाद किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। किसानों का कहना है कि अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर गुणवत्ता वाले आलू की खरीद से उन्हें स्थिर और बेहतर दाम मिलने की संभावना है।
Next News :– भाजपा ने घोषित किए MLC चुनाव के प्रत्याशी, आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह को टिकट
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















