Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 अगस्त। सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे की भव्य छटा, देशभक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक श्री दिनेश सेकसरिया एवं मुख्य अतिथि कर्नल पवन कुमार, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर, 9 यू.पी. बटालियन, हाथरस ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर मातृभूमि के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। मुख्य अतिथि कर्नल पवन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में अनुशासन, एकता और स्पष्ट लक्ष्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अर्जुन के उदाहरण के माध्यम से लक्ष्य के प्रति एकाग्रता एवं दृढ़ संकल्प की प्रेरणा दी। साथ ही अपने आदर्श डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन एवं व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में अनेक संभावनाएं एवं विविध क्षमताएं मौजूद होती हैं, आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा देने की है। उन्होंने विद्यार्थियों को साहस, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता सेठ ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश के अनेक वीरों ने बहुत छोटी आयु में ही राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बाजीराउत के जीवन से प्रेरणा लेने तथा अनुशासन, अच्छी सोच और सही निर्णय के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को करने से पहले उस पर विचार करना और फिर दृढ़ संकल्प के साथ उसे कार्यरूप देना आवश्यक है। उन्होंने कामना की कि एस.एस.डी. के सभी विद्यार्थी अपने साहस, चरित्र और कर्मठता से जीवन में ‘शेर’ की तरह निर्भीक बनें। विद्यालय के चेयरमैन श्री बी.पी. सिंह ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्रता का आनंद ले रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों के अथक संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने देश की सीमाओं पर विषम परिस्थितियों में तैनात वीर जवानों के त्याग एवं समर्पण को नमन करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एकता के बल पर बड़ी से बड़ी जीत हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे जीवन में एकता का साथ कभी नहीं छोड़ेंगे और अपने कर्मों से राष्ट्र की प्रगति में योगदान देंगे। उन्होंने ‘मैं धरा के लिए हूं’ की भावना को आत्मसात करते हुए प्रकृति, समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

विद्यालय के निदेशक श्री दिनेश सेकसरिया ने स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समझाया कि सच्ची आजादी केवल बंधनों से मुक्त होना नहीं, बल्कि अपने विचारों, कर्मों और जिम्मेदारियों को सही दिशा में ले जाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स की अनुशासित एवं जोशीली परेड विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कैडेट्स ने शानदार मार्च-पास्ट एवं अनुशासन के माध्यम से राष्ट्र के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में उत्साह एवं देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया। कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम्’ की गूंज और देशभक्ति के नारों के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता के अमूल्य महत्व को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page