
हाथरस 30 अगस्त । कस्बे के मोहल्ला सराय उम्दा बेगम में इन्फ्लूएंजा-ए (H1N1) संक्रमण का एक मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। मोहल्ला निवासी 50 वर्षीय यामीन पुत्र बुन्दू में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। उनका उपचार अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। मरीज में 23 अगस्त से संक्रमण संबंधी लक्षण दिखाई देने लगे थे। इसके बाद अलीगढ़ में जांच कराई गई, जहां H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। जानकारी मिलने के बाद रविवार दोपहर करीब एक बजे स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) मोहल्ला सराय उम्दा बेगम पहुंची और संक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज के परिवार के साथ आसपास के 40 घरों में संभावित इन्फ्लूएंजा मरीजों की स्क्रीनिंग की। इस दौरान कुल 224 लोगों की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति में बुखार, खांसी, गले में खराश अथवा सांस फूलने जैसे इन्फ्लूएंजा संबंधी लक्षण नहीं मिले। टीम ने मरीज के परिजनों से बातचीत कर संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें और स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि विभिन्न जिलों में H1N1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए हाथरस जिले में निगरानी एवं उपचार व्यवस्था को मजबूत किया गया है। संदिग्ध मरीजों की पहचान, समय पर उपचार, गंभीर मरीजों को रेफर करने और संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) का गठन किया गया है। ये टीमें श्रेणी-बी के मरीजों के उपचार, होम आइसोलेशन संबंधी सलाह और नियमित फॉलोअप की व्यवस्था करेंगी। इसके अलावा MDTB चिकित्सालय में H1N1 मरीजों के लिए अलग वार्ड भी स्थापित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले में लोगों को संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया और साफ-सफाई, सावधानी तथा समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने पर जोर दिया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल स्क्रीनिंग के दौरान किसी अन्य व्यक्ति में H1N1 जैसे लक्षण नहीं मिले हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






