
हाथरस 16 अप्रैल। सदर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली वाला मोहल्ला निवासी पत्रकार वेदप्रकाश उर्फ़ सोनू की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पीट-पीटकर हत्या करने के बाद शव को सहपऊ क्षेत्र के नाले में फेंक दिया गया था। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी और बीट सिपाही को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। घटना को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी सगे भाई कमल और गौरव अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
फरार आरोपियों की तलाश तेज:
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। स्थानीय स्तर के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी छापेमारी की जा रही है, लेकिन अभी तक उनकी सटीक लोकेशन का पता नहीं चल सका है। पुलिस सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है।
फैक्टरी सीज कर बढ़ाया दबाव:
आज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों की फैक्टरी को सीज कर दिया। यह कार्रवाई सीओ सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण के नेतृत्व में सदर कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव, थाना हाथरस गेट प्रभारी नितिन कसाना और महिला थाना प्रभारी रितु तोमर द्वारा भारी पुलिस बल के साथ की गई। पुलिस का मानना है कि आर्थिक दबाव बढ़ने पर आरोपी सरेंडर कर सकते हैं।
20 से ज्यादा लोगों की संलिप्तता की आशंका:
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस हत्याकांड में 20 से 21 लोगों के शामिल होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि वेदप्रकाश को फैक्टरी में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया और इसकी वीडियो भी बनाई गई थी, जो अब पुलिस के हाथ लग चुकी है। इसी आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है।
गैंगस्टर की कार्रवाई की तैयारी:
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी और गैंग को पंजीकृत किया जाएगा। कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल करने के बाद आरोपियों की चल-अचल संपत्ति भी कुर्क की जाएगी, ताकि अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश दिया जा सके।
निगरानी और सख्ती जारी:
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मोबाइल नंबर सर्विलांस पर हैं। साथ ही आशंका जताई जा रही है कि आरोपी कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं, जिसे देखते हुए न्यायालय परिसर में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा, जबकि इस मामले ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।