
हाथरस 25 मई। मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास कल देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कैंटर छोड़कर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जितेंद्र निवासी रसूलपुर, हसायन फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और सोमवार रात बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दरियापुर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार मृतक अविवाहित था। हादसे की सूचना मिलते ही हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सीसीटीवी फुटेज में कैंटर तेज गति से आते हुए बाइक को टक्कर मारता दिखाई दे रहा है, जिसके बाद बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर जाता है। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।






















