हाथरस 24 अगस्त । शहर के आशीर्वाद गार्डन निवासी और शोधार्थी माधव शर्मा के हिंदी साहित्य विषय पर दो शोध पत्र प्रकाशित हुए हैं। आरपीएम कॉलेज में हिंदी विषय के सहायक प्राध्यापक माधव शर्मा के शोध पत्र छायावाद और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के साहित्य पर केंद्रित हैं। उनका पहला शोध पत्र ‘हिंदी का प्रथमवाद : छायावाद’ नाम से यूजीसी केयर पत्रिका ब्रज सलिला में प्रकाशित हुआ है, जबकि दूसरा शोध पत्र ‘वर्तमान युग में कुरुक्षेत्र की महत्ता’ शीर्षक से दिनकर विमर्श नामक शोध पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। माधव शर्मा गत वर्ष अलीगढ़ में आयोजित दिनकर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में भी सहभागिता कर चुके हैं।
माधव शर्मा ने अपने स्नातकोत्तर काल में हाथरस के कवियों और रामचरितमानस विषय पर लघु शोध प्रबंध भी लिखे थे। उन्होंने विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया था। अपनी हर उपलब्धि की तरह उन्होंने इन दोनों शोध पत्रों को भी अपने प्रेरणास्रोत एवं पिता श्रीयुत सुबोध कुमार शर्मा को समर्पित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों सरला शर्मा, माला शर्मा, देवांश शर्मा और मोनिका शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।













