
सादाबाद 22 अगस्त। आज शाम हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर किया गया है। दोनों हादसों के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गए। पहला हादसा आगरा राजमार्ग पर हुआ। इस्लामनगर, सादाबाद निवासी साहिल पुत्र हनीफ और आवेश पुत्र गब्बर अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। वहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। दूसरा हादसा जलेसर रोड पर गांव नगला केसरी के पास हुआ। सादाबाद से अपने गांव जा रहे संजय पुत्र ओमप्रकाश को पीछे से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से संजय सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान सड़क पर मौजूद एक अर्धविक्षिप्त युवक भी इस दुर्घटना की चपेट में आकर घायल हो गया। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने संजय का उपचार करने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों हादसों की जानकारी जुटाई है और फरार वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।













