
हाथरस 02 जुलाई। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी-2026) के प्रथम दिवस पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VATS एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पीबीएएस. इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम तथा परीक्षा केंद्र की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा कक्षों में चल रही परीक्षा एवं परीक्षार्थियों की गतिविधियों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया और केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्क्रीनिंग टीम से वार्ता करते हुए अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सावधानी, सतर्कता और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आगामी दो दिनों तक आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनज़र सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने, समय-समय पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने तथा परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101









