अलीगढ़ 30 सितम्बर। मंगलायतन विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अंतर्गत संचालित रेडियो नारद 90.4 एफएम की टीम ने स्मार्ट एनजीओ के सेहत सही लाभ कई कार्यक्रम के तहत टीकाकरण दिवस के अवसर पर गांव साथिनी स्थित टीकाकरण केंद्र का दौरा किया। इस दौरान टीम ने ग्रामीणों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी और उन्हें उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान रेडियो नारद की टीम ने स्वास्थ्य विभाग के अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत एवं साक्षात्कार के माध्यम से गांव में चलाए जा रहे टीकाकरण कार्यक्रम और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। एएनएम राजवती, आशा संगिनी पूनम शर्मा, आशा कार्यकर्ता दीपा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता मीरा रानी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बातचीत कर टीकाकरण की प्रक्रिया, लाभार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं और ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी ली गई।
रेडियो नारद की टीम ने ग्रामीणों से भी संवाद किया और जाना कि उन्हें टीकाकरण तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का कितना लाभ मिल रहा है। ग्रामीणों को समय पर टीकाकरण कराने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का उचित लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। रेडियो नारद की टीम ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बातचीत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति और लोगों की जागरूकता को समझने का प्रयास किया। कार्यक्रम के माध्यम से टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा सही स्वास्थ्य जानकारी समुदाय तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। यह जागरूकता कार्यक्रम मंगलायतन विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की अध्यक्ष डा. मनीषा उपाध्याय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।










