
सिकंदराराऊ 20 अक्टूबर । विजयदशमी पर्व के अवसर पर सिकंदराराऊ नगर पालिका परिषद के क्रीड़ा स्थल पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम एवं दशहरा मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने रावण दहन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि दशहरा मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं और किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले के दौरान भीड़ बढ़ने की स्थिति में बाहरी वाहनों को बाईपास मार्ग से निकाला जाए, ताकि नगर के अंदर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके साथ ही उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर विद्युत आपूर्ति बंद करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन विभाग, यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और मजिस्ट्रेटों की समुचित तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विजयदशमी बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। सभी लोग पर्व की गरिमा बनाए रखें, शांति एवं सद्भाव के वातावरण में त्योहार मनाएं और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ, क्षेत्राधिकारी पुलिस सिकंदराराऊ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सिकंदराराऊ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










