
हाथरस 20 अक्टूबर । जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से थाना सिकंदराराऊ के अंतर्गत स्थापित पुलिस चौकी अगसौली को थाना बनाए जाने की प्रक्रिया के तहत जिला प्रशासन ने भूमि संबंधी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रस्तावित भूमि की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ को निर्देश दिए कि पुलिस चौकी अगसौली को थाना बनाए जाने के लिए प्रस्तावित भूमि का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भूमि से संबंधित आवश्यक अभिलेख एवं आख्या तैयार कर आगे की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि आवंटन से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं नियमानुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने इस प्रक्रिया से संबंधित अभिलेखों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विकास करने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। पुलिस चौकी अगसौली को थाना बनाए जाने के संबंध में प्रस्तावित भूमि की जांच और अभिलेखीय प्रक्रिया इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ, क्षेत्राधिकारी पुलिस सिकंदराराऊ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










