सादाबाद (सहपऊ) 04 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ब्लॉक क्षेत्र के गांव खोंडा में युवाओं के लिए दो किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन लकी चौधरी द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दो किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता में कूपा निवासी विवेक ने प्रथम, सोनई निवासी हरिओम ने द्वितीय तथा सलेमपुर निवासी प्रीतम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को सपा नेता प्रेम चौधरी एवं गांव के बुजुर्गों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी देवांत चौधरी ने किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में भाग लेने से युवाओं का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्होंने युवाओं से खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया। आयोजक लकी चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है। साथ ही उनमें खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। प्रतियोगिता के दौरान शिव सिंह वर्मा, डॉ. सौरभ सिंह, सपा नेता साकेत चौधरी, रवि पचौरी, अजीत पचौरी, कूकी बाबू जी, महिपाल सिंह, विजय सिंह, लाला चौधरी, महेश चौधरी, गांधी जी एवं कलुआ पचौरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








