
हाथरस 20 अक्टूबर । सदर कोतवाली क्षेत्र के नवीपुर निवासी एक युवक की जोधपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। घर में दुर्गा पूजा का आयोजन चल रहा था, लेकिन युवक की मौत की सूचना से पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। मंगलवार सुबह युवक का शव हाथरस स्थित घर पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, शिव कॉलोनी, बड़ा नवीपुर निवासी अमित पाठक (35) पुत्र डॉ. विनोद पाठक कई वर्षों से राजस्थान के जोधपुर में रहकर निजी नौकरी कर रहे थे। उनके पिता डॉ. विनोद पाठक आगरा रोड स्थित नवीपुर चौराहे पर चिकित्सकीय कार्य करते हैं। परिवार में दुर्गा पूजा का आयोजन चल रहा था। इसी बीच सोमवार को परिजनों को फोन पर अमित के सड़क हादसे में घायल होने और बाद में मौत होने की जानकारी मिली।
सूचना मिलने के बाद अमित के बड़े भाई अभिषेक और बहनोई जोधपुर पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि सड़क हादसा शनिवार को हुआ था और रविवार को उपचार के दौरान अमित ने दम तोड़ दिया। जोधपुर में रहने वाले लोगों ने सोमवार सुबह परिवार को हादसे और मौत की सूचना दी थी। अमित की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार सुबह उनका शव नवीपुर पहुंचा। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से परिवार में शोक व्याप्त है।






