Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 अक्टूबर। कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित रामलीला ग्राउंड के पास एक साड़ी शोरूम पर मंगलवार शाम साड़ी खरीदने को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान महिला ग्राहक घायल हो गई। शोरूम पर हंगामा होने से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम एक महिला अपने स्वजन के साथ एक साड़ी शोरूम पर साड़ी खरीदने पहुंची थी। साड़ी की कीमत और पसंद को लेकर ग्राहक पक्ष और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार पक्ष के लोगों ने ग्राहक पक्ष के साथ हाथापाई कर दी, जिसमें महिला को चोटें आईं। शोरूम में हंगामा होते देख आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, विवाद बढ़ता देख पुलिस दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। कोतवाली सदर के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page