सादाबाद (सहपऊ) 01 सितम्बर। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। कार्यक्रम में कुल 33 गर्भवती महिलाओं ने जांच के लिए पंजीकरण कराया। सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक डॉ. प्रकाश मोहन ने बताया कि पंजीकृत महिलाओं में 10 महिलाएं ऐसी थीं, जिन्होंने पहली बार गर्भधारण किया है। इन महिलाओं का योजना के तहत पंजीकरण किया गया। वहीं 43 महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए भेजा गया, ताकि गर्भावस्था की स्थिति की आवश्यक जांच की जा सके। जांच के दौरान छह महिलाओं में उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की स्थिति सामने आई। स्वास्थ्यकर्मियों ने इन महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए विशेषज्ञ चिकित्सक की देखरेख में प्रसव कराने की सलाह दी। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी या असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सीएचसी पहुंचकर जांच कराने के लिए कहा गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच, चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. ऋतु गुप्ता, डॉ. आनिन्दिता मजूमदार, तुलसी, गार्गी शर्मा, रीना, सीमा और पूजा सहित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।