हाथरस 23 मई। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की दिशा देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ‘निःस्वार्थ सेवा संस्थान’ एक सराहनीय पहल करने जा रही है। संस्था द्वारा आगामी 31 मई रविवार को प्रातः 9 बजे से जनपद स्थित दून पब्लिक स्कूल में भव्य “मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह 2026” का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को समाज के समक्ष प्रस्तुत करना, उन्हें सम्मानित करना तथा अन्य विद्यार्थियों को प्रेरित करना है। संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि जब विद्यार्थियों की मेहनत को उचित मंच पर सम्मान मिलता है तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में समाज व देश के विकास में और बेहतर योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने हाल ही में घोषित बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं। इन सभी मेधावियों को मंच पर मुख्य अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। संस्थान ने हाथरस जिले के सभी योग्य विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षा प्रेमियों से इस समारोह में सम्मिलित होने की अपील की है। पात्र विद्यार्थी गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है, जिसमें मार्कशीट सहित आवश्यक विवरण अपलोड करना होगा। अधिक जानकारी एवं आवेदन लिंक संस्थान के आधिकारिक फेसबुक पेज @nsshts पर उपलब्ध है। इस आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरूण राघव, निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, डॉ. रंगेश शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संस्थान द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार—
- यूपी बोर्ड के 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं
- सीबीएसई बोर्ड के 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी
संपर्क सूत्र: 9711458528, 8755054555


























