
हाथरस 07 जुलाई। महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में हाथरस ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले में अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 61 प्रतिशत किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। इस उपलब्धि के साथ हाथरस ने गोरखपुर, प्रयागराज और कानपुर जैसे बड़े जिलों को भी पीछे छोड़ दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रदेशभर में यह अभियान 7 अप्रैल 2026 से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत उन बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है, जिनका 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है। प्रदेश में कुल 24.39 लाख बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 54,401 टीकाकरण सत्रों का आयोजन कर 2.26 लाख से अधिक बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है। प्रदेशीय आंकड़ों के अनुसार, अंबेडकर नगर 36 प्रतिशत और सुल्तानपुर 35 प्रतिशत उपलब्धि के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। वहीं उन्नाव, गोरखपुर, गाजीपुर, प्रयागराज और कानपुर नगर जैसे जिलों में टीकाकरण की प्रगति तीन प्रतिशत से भी कम दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने कम प्रदर्शन वाले जिलों में अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि एचपीवी टीका महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और अधिक से अधिक पात्र किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
Next News :-पुलिस के नाम पर महिला से 75 हजार रुपये की अवैध वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















