Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 अगस्त । उत्तर प्रदेश कैडर के पूर्व भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी आदित्य प्रकाश वर्मा ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से इस्तीफा दे दिया है। खास बात यह है कि पार्टी ने करीब 20 दिन पहले ही उन्हें हाथरस विधानसभा सीट का प्रभारी नियुक्त किया था। उनके इस्तीफे के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में हाथरस सीट से पार्टी के संभावित उम्मीदवार को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर भी विराम लग गया है। आदित्य प्रकाश वर्मा ने अपना त्यागपत्र पार्टी प्रमुख एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद को भेजा है। त्यागपत्र में उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने की वजह व्यक्तिगत बताई है। उन्होंने लिखा कि वह व्यक्तिगत कारणों से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सदस्यता से अपना त्यागपत्र प्रस्तुत कर रहे हैं और उनका इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है।

बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर चंद्रशेखर आजाद ने 31 जुलाई को आदित्य प्रकाश वर्मा को हाथरस (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया था। इसके बाद से वह क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को लेकर सक्रिय थे। राजनीतिक हलकों में उनके हाथरस सीट से पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना जताई जा रही थी, हालांकि अब उनके इस्तीफे से इन अटकलों को झटका लगा है। आदित्य प्रकाश वर्मा ने आजाद समाज पार्टी की सदस्यता करीब दो महीने पहले ही ग्रहण की थी। बताया जाता है कि पार्टी अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने स्वयं उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। पार्टी में शामिल होने के बाद आदित्य प्रकाश वर्मा हाथरस में सक्रिय नजर आने लगे थे। वर्मा वर्ष 2013 बैच के यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे हैं और जून 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद से ही वह हाथरस में सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। उनकी सामाजिक सक्रियता और पुलिस सेवा के लंबे अनुभव को देखते हुए उनके आजाद समाज पार्टी में शामिल होने के बाद राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं। फिलहाल आदित्य प्रकाश वर्मा ने अपने इस्तीफे के पीछे केवल व्यक्तिगत कारणों का उल्लेख किया है। उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page