Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 18 अक्टूबर । रविवार सुबह एटा रोड पर रेलवे फाटक के पास बने ओवरब्रिज पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अलीगढ़ से एटा की ओर जा रहा एक भारी भरकम ट्रोला ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ नीचे की ओर आधा लटक गया। गनीमत रही कि ट्रोला नीचे नहीं गिरा और कोई अन्य वाहन उसकी चपेट में नहीं आया। हादसे में ट्राला चालक और क्लीनर को मामूली चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ट्रोला अलीगढ़ से एटा की ओर जा रहा था। सिकंदराराऊ में एटा रोड पर रेलवे फाटक के पास बने ओवरब्रिज पर ओवरटेक करते समय चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रोला डिवाइडर पार करते हुए दूसरी तरफ नीचे की ओर लटक गया। भारी वाहन को इस हालत में देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि ट्रोला नीचे नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंच गई। ट्रोला को सुरक्षित हटाने के लिए तीन से चार हाइड्रा क्रेन की मदद ली गई। टीम ने काफी मशक्कत के बाद ट्राले को ओवरब्रिज से हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारु कराया गया। हादसे के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने से किसी बड़े नुकसान से बचाव हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page