सासनी : डीजल इंजन बना काल, धमाके के साथ फटा डीजल इंजन का पहिया, मिस्त्री की मौत से परिवार में कोहराम

सासनी 21 अगस्त। सासनी कोतवाली क्षेत्र के ऊसवा गांव में आज सुबह डीजल इंजन की मरम्मत के दौरान पहिया तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में करीब 60 वर्षीय मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इंजन मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे की जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार ऊसवा गांव निवासी रामकिशन पुत्र सियाराम डीजल इंजन की मरम्मत का काम करते थे और खेती-बाड़ी भी करते थे। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे वह गांव निवासी दीपक पुत्र रामबाबू के डीजल इंजन की मरम्मत करने पहुंचे थे। मरम्मत के दौरान अचानक इंजन का पहिया तेज धमाके के साथ फट गया, जिसकी चपेट में आने से रामकिशन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में इंजन मालिक दीपक (32) भी घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रामकिशन की मौत हो चुकी थी। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद इंजन मालिक ने काफी देर तक परिवार को घटना की जानकारी नहीं दी, हालांकि पुलिस स्तर से इस आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों का यह भी आरोप है कि इंजन का व्हील पहले से चटका हुआ था और मरम्मत के दौरान दबाव पड़ने से वह फट गया। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। हादसे के बाद रामकिशन के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने पीछे पांच संतानों को छोड़ गए हैं।













